
भारतीय शास्त्रीय संगीत केवल एक कला नहीं, बल्कि एक ऐसी साधना है जिसमें कलाकार अपने पूरे व्यक्तित्व को स्वर,ताल, लय और भाव के माध्यम से निखारता है। इस साधना का सबसे महत्वपूर्ण आधार है – रियाज़ ,अब प्रश्न यह है कि क्या रियाज़ केवल प्रतिदिन कुछ घंटे गाने बजाने तक सीमित है ? या अपने गुरु से प्राप्त चीज़ों को रट जाने, स्मरण किये जाने का नाम है ! रियाज़ अर्थात् अभ्यास आत्मअनुशासन , धैर्य, समर्पण और निरंतर आत्मविकास की अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है। यही कारण है कि भारतीय शास्त्रीय संगीत में रियाज़ को तपस्या की संज्ञा दी गई है।
रियाज़ का शाब्दिक अर्थ है अभ्यास , निरंतरता। किंतु शास्त्रीय संगीत के संदर्भ में इसका अर्थ कहीं अधिक गूढ़ और व्यापक हो जाता है। जब एक अभ्यासी साधक प्रतिदिन स्वरों को साधता है, तानपुरे से उत्पन्न श्रुति और स्वर पर ध्यान लगाता है तब वह व्यक्ति केवल रियाज़ नहीं कर रहा होता है बल्कि उसके अंदर एक गंभीर, सक्षम कलाकार का निर्माण हो रहा होता है। यह प्रक्रिया प्रतिदिन, हरपल चल रही होती है।
भारतीय शास्त्रीय संगीत के गुरु – शिष्य परंपरा में रियाज़ का विशेष महत्व रहा है। गुरु द्वारा शिक्षण केवल राग एवं बंदिश तक ही सीमित नहीं होता अपितु अभ्यास कैसे करना है, रागों के स्वर रचनानुसार किन स्वरों पर कितने परिमाण में रुकना, स्वरों को जीवंत कर भाव और सौंदर्य का सृजन करने की सीख गुरु के द्वारा ही प्राप्त होती है। गुरु हमेशा अपने स्वर संपन्न शिष्य में भावी सम्पन्न गुरु को देखना चाहता है। शिक्षण- पद्धति में न केवल स्वर, ताल और लय अपितु एक शिष्य के सर्वांगीण व्यक्तित्व के विकास का दायित्व भी गुरु पर होता है और गुरु के बताए मार्ग पर चलना, उसका अनुसरण, निर्वहन एक शिष्य का दायित्व होता है।
रियाज़ का प्रभाव मात्र गायन – वादन तक सीमित नहीं होता। नियमित अभ्यासी साधक का मन शांत और एकाग्र हो जाता है। उसमें आत्ममूल्यांकन करने की शक्ति बढ़ जाती है, धैर्य, आत्मविश्वास बढ़ जाता है। किसी भी चीज़ को समझने, परखने की शक्ति बढ़ जाती है । इस प्रक्रिया से वह न केवल एक अच्छा कलाकार बल्कि एक अच्छा मनुष्य भी बन जाता है।
प्राचीन काल की तुलना में आज के डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक युग में संगीत सीखना और सीखना सुलभ हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक साज़ और मोबाईल ऐप के माध्यम से रियाज़ करना सहज हो गया। हालांकि हर सुविधा के पीछे एक असुविधा छिपी होती है किन्तु समयानुसार यह उपयोगी भी साबित होता है। गुरु के द्वारा बताई गई चीजों को रिकॉर्ड करना तथा ऐप, तालपेटी द्वारा अभ्यास की निरंतरता को बढ़ाई जा सकती है। प्राचीन काल में संसाधनों का आभाव हुआ करता था पर अभ्यास के प्रति समर्पण और कठिन परिश्रम करने की प्रवृत्ति हुआ करती थी। वर्तमान में परिश्रम करने की क्षमता में कमी आ गई है। उपलब्ध संसाधनों का यदि शिद्दत से उपयोग में लाया जाए तो सांगीतिक उन्नति काफी बढ़ जाएगी। आज के डिजिटल युग में प्रचार – प्रसार और स्वयं को उन्नत करने के असीम साधन उपलब्ध हैं जिससे सीखने की प्रवृत्ति में कमी आई है। गुरु का स्थान सोशल मीडिया और यू ट्यूब ने ले लिया जो इस युग का कमज़ोर पक्ष है। सालों साल धैर्य से सीखना, रियाज़ करना तब मंचासीन होना प्राचीन समय के दक्ष संगीतविदों, कलाकारों के कठिन परिश्रम को दर्शाता है ।वर्तमान में भी ऐसे संगीत साधक हैं जिन्होंने कड़ी मेहनत और तपस्या से परचम लहराया है। इसमें कोई संदेह नहीं कि आज कला और कलाकार जन- जन तक पहुंचे हैं परंतु विकास की इस प्रक्रिया में सबसे कमी जिस चीज़ की हुई है वह है – धैर्य । जल्दी नाम, शोहरत और पैसे की भूख ने व्यक्ति को साधना, तपस्या से विमुख कर अधोगामी बना दिया है। वास्तव में रियाज़ केवल स्वर – साधना नहीं बल्कि आत्म – साधना है। जब साधक का मन, बुद्धि और हृदय संगीत में एकाकार होने लगता है तब संगीत केवल प्रस्तुति नहीं रहता। ऐसी स्थिति में कलाकार श्रोताओं को ध्वनि नहीं अनुभूति प्रदान करता है।
अंततः, कहा जा सकता है कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की आत्मा रियाज़ में बसती है, यह एक तपस्या है। प्रतिभा जन्मजात हो सकती है, व्यक्ति को पहचान दिला सकती है किन्तु यदि सही दिशा निर्देशन में रियाज़ न किया जाए तो प्रतिभा कुन्द हो जाती है। इसलिए प्रत्येक संगीत साधक को विद्यार्थी बने रहते हुवे उत्कृष्ट स्वर साधना, स्वर- तपस्या करनी चाहिए। यही तपस्या उसे स्वरों की गहराई और सफलता की ऊँचाई तक पहुंचती है…….✍️ डॉ शिप्रा






